गांव ढक्काचांट,खिरकिया बरगदिया रास्ते पर जलभराव को लेकर बंद पानी के रास्ते खोलते लोग।स्रोत:ग्र
पूरनपुर। क्षेत्र के मुख्य मार्ग पर जलभराव से परेशान लोगों ने शुक्रवार को कारसेवा कर चोक पानी निकास के रास्तों को साफ किया। इससे जलभराव से कुछ राहत मिली। मगर पुलियों के चोक होने से उनकी साफ-सफाई नहीं हो सकी। इसे लेकर लोगों ने एसडीएम को पत्र भेजकर जेसीबी से बंद पुलियों के पाइपों की सफाई कराने की मांग की।
शारदा नदी के उफनाने पर गांव चंदिया हजारा से ढक्काचांट, खिरकिया बरगदिया ग्राम पंचायत के गांवों को जाने वाली मुख्य सड़क पर चार से पांच फुट तक पानी भर गया था। नदी का जलस्तर कम हो गया, लेकिन रास्ते से पूरी तरह जलभराव समाप्त नहीं हुआ।
एसडीएम राजेश कुमार शुक्ला ने दो दिन पहले निरीक्षण कर पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता को जलभराव से क्षतिग्रस्त हुई सड़क की मरम्मत को कहा था। रास्ते से जलभराव समाप्त न होने पर शुक्रवार को क्षेत्र के लोगों ने स्वयं ही सफाई की। इससे जलभराव कुछ कम हुआ, लेकिन पूरी तरह मुक्ति नहीं मिल सकी।
क्षेत्र के विवेक सिंह चौहान, सुरेंद्र, नंदलाल, चंचल प्रसाद, शिवशंकर, कारज सिंह, रामकृपाल, विकास आदि ने हस्ताक्षर कर समस्या के समाधान के लिए एसडीएम को पत्र भेजा है।