गांव खाता में आग से जली गन्ना की फसल- ग्रामीण
पूरनपुर। हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिरने से गांव खाता के रामबहादुर का करीब दो एकड़ गन्ना जल गया। किसान का आरोप है कि ठेकेदार की ओर से आधी अधूरी खींची गई बिजली लाइन में करंट छोड़ने से हादसा हुआ। रविवार को हाईटेंशन लाइन में स्पार्किंग के बाद तार टूटने से हादसा हुआ। पीड़ित किसान के गन्ना के खेत में आग लग गई। आग बुझाने के लिए ग्रामीण एकत्र हुए। शेरपुर उपकेंद्र पर सूचना देकर बिजली आपूर्ति बंद कराई गई। इससे पहले किसान का करीब दो एकड़ गन्ना जल गया। किसान का आरोप है कि शेरपुर उपकेंद्र से क्षेत्र में डाली गई हाईटेंशन लाइन के तार ढीले और जर्जर थे। इनको बदलने का कार्य ठेके पर हुआ था। आरोप है कि ठेकेदार ने आधी, अधूरी खींची गई बिजली की लाइन में आपूर्ति शुरू करा दी। इससे उसकी गन्ने की फसल जलने से भारी नुकसान हुआ है। संवाद