पीलीभीत। अफसरों की फटकार के बाद पंचायत सचिव ने अब अफसरों को जवाब सौंपा है। अब अफसर पंचायत सचिव के खिलाफ अग्रिम कार्रवाई की तैयारी कर रहे हैं।
बीसलपुर ब्लॉक के गांव रसियाखानपुर में पिछले काफी लंबे समय से सफाई कार्य प्रभावित था। इसके चलते गांव में जगह-जगह गंदगी का अंबार लग गया। गांव के लोग एक के बाद एक बीमार होने लगे। ऐसे में अब-तक करीब 12 लोगों ने अपनी जान गंवा दी। मामला डीएम स्तर तक पहुंचा तो डीएम ज्ञानेंद्र सिंह सहित तमाम अफसरों ने गांव में पहुंचकर जांच की। इसमें गांव में काफी अनियमितताएं मिलीं। डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए वहां सफाई व्यवस्था कराने के साथ ही पंचायत सचिव पर कार्रवाई के निर्देश जारी किए। निर्देश के बाद पंचायत सचिव को नोटिस जारी हो गया लेकिन नोटिस का समय बीत जाने के बाद भी पंचायत सचिव ने जवाब नहीं दिया। अफसरों की ओर से दिए गए निर्देश के बाद जवाब न दिए जाने पर अफसरों ने पंचायत सचिव की जमकर फटकार लगाई। इसके बाद मंगलवार की देर शाम पंचायत सचिव ने अपना जवाब लिखित तरीके से कार्यालय पर दिया है। अब अफसर मामले में कार्रवाई की बात कह रहे हैं।