पीलीभीत। सांसद वरुण गांधी ने छात्रा के साथ हुई दरिंदगी पर अपनी ही सरकार को कानून व्यवस्था के मुद्दे पर सवालों के घेरे में लिया है।
सांसद ने यूपी के डीजीपी को पत्र भेजा है जिसमें उन्होंने कहा है कि बरखेड़ा थाना क्षेत्र के एक गांव की एक 16 वर्षीय होनहार इंटरमीडिएट की छात्रा 13 नवंबर की सुबह कोचिंग जाने को निकली थी। दरिंदों ने दिन दहाड़े सामूहिक दुष्कर्म के बाद गला दबाकर उसकी नृशंस हत्या कर दी। एफआईआर पंजीकृत होने के तीन दिन बाद भी दरिंदों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी हैं। इस मामले में पुलिस की भूमिका भी संतोषजनक नहीं रही। घटना को शुरूआत से दबाया गया और लापरवाही बरती गई। यह घटना बहुत ही शर्मनाक और दुखद है। समाज में भय पैदा करने वाली है। कानून व्यवस्था पर सवाल खड़ा करती है। ऐसी घटनाओं से समाज में खासकर महिलाओं-बेटियों के मन में असुरक्षा की भावना पैदा कर दी है। घटना के बाद मृतक बिटिया के गांव के ही नहीं, अन्य जनपदवासी भी अपनी बेटियों को स्कूल भेजने से अब घबराने लगे हैं, जो कि एक चिंता का विषय है। इसमें दरिंदों की गिरफ्तारी कराएं। दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाए। ताकि मृतक बिटिया और पीड़ित परिवार को इंसाफ मिल सके।