बीसलपुर। कोतवाली क्षेत्र के गांव परसिया में सोमवार को विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने हंगामा किया। बाद में पहुंची पुलिस ने उन्हें शांत किया।
गांव परसिया के अरुण कुमार ने बताया कि उनकी पत्नी गीता (28) कई दिनों से बीमार चल रही थीं। उनका उपचार शाहजहांपुर के निजी अस्पताल में चल रहा था। सोमवार को सुबह उनकी मृत्यु हो गई। इसके बाद अरुण गीता का शव घर ले आए। इसी बीच दियोरिया कोतवाली के गांव रामनगर मेें रहने वाले गीता के मायके वाले परसिया आ गए। उन्होंने गीता की मौत को संदिग्ध बताते हुए सवाल उठाने शुरू कर दिए।
विवाद की स्थिति देख अरुण ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस को शाहजहांपुर के निजी अस्पताल की ओर से जारी किया गया मृत्यु प्रमाणपत्र भी दिखाया। कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक रणजीत सिंह ने बताया कि गीता के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट के बाद इस मामले में अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। हालांकि अभी मायके वालों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है।