न्यूरिया क्षेत्र के पंडां गांव में तेंदुए की दहशत कम नहीं हो रहा है। रविवार रात तेंदुआ गांव निवासी प्यारेलाल के घर जा घुसा। घर में मौजूद लोगों के शोर मचाने पर तेंदुआ निकलकर भाग गया। सूचना मिलने पर वनविभाग की टीम सोमवार सुबह गांव पहुंच गई। न्यूरिया का पंडां गांव महोफ जंगल के निकट बसा है। गांव में जंगल के बीच खेतों में गन्ने की फसल होने से अक्सर वन्यजीव गांव तक पहुंच जाते हैं। चार दिन पूर्व तेंदुए ने गांव निवासी प्यारेलाल का पालतू कुत्ता मार डाला था। शिकार मिलने से तेंदुए ने रविवार रात फिर गांव की ओर रूख किया। रात में करीब नौ बजे तेंदुआ प्यारेलाल के घर में घुस गया। छप्परपोश मकान में तेंदुआ घुसने की आहट पर घरवालों ने शोर मचाया। इस पर तेंदुआ बिना किसी को नुकसान पहुंचाए लौट गया। तेंदुआ घुसने की सूचना से गांव में सनसनी फैल गई और कई लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने घटना की सूचना वन विभाग को दी। सुबह रेंजर गजेंद्र बहादुर सिंह टीम के साथ गांव पहुंचे। उन्होंने घटना स्थल का निरीक्षण किया और प्यारेलाल से घटना की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि जंगल और गांव के बीच खेतों में गन्ने की फसल खड़ी ह,ै जिससे तेंदुआ आ जाता है। टीम को पटाखे लेकर गांव भेजा जा रहा है। यदि पुन: आहट होती है तो पटाखे दगाकर उसे भगाया जाएगा।