जहानाबाद। थाना क्षेत्र के सियाबाड़ी पट्टी गांव निवासी गीता देवी पत्नी बबलू संदिग्ध हालात में ससुराल में झुलस गई थी। इस मामले में गीता देवी के पिता गजरौला थाना क्षेत्र के पंडरी गांव निवासी बाबूराम की तहरीर पर थाना जहानाबाद पुलिस ने पति बबलू समेत तीन के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और जानलेवा हमला करने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की थी। पिता ने बताया था कि गीता की शादी छह साल पहले हुई थी और दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने उसकी जान लेने की कोशिश करते हुए घटना की है। इधर, गीता का इलाज बरेली के एक अस्पताल में कराया जा रहा था। इलाज के दौरान वहीं पर गीता की मौत हो गई। इंस्पेक्टर कमल सिंह ने बताया कि विवाहिता की बरेली के अस्पताल में मौत की जानकारी मिली है। शव का पोस्टमार्टम बरेली पुलिस द्वारा कराया जा रहा है। दर्ज की गई एफआईआर में धाराएं बढ़ाई जाएंगी। ब्यूरो