बीसलपुर तहसील कार्यालय में तहसीलदार को ज्ञापन देते लोग।संवाद
बीसलपुर। रेलवे स्टेशन के पास स्थित डिपो में मोहल्ला रामनगर के लोगों ने मंगलवार की रात मालगाड़ी से कोयला उतारने को लेकर हंगामा किया। कोतवाली पुलिस और आरपीएफ के अधिकारियों ने समझा-बुझाकर उन्हें शांत किया। उसके बाद कोयले को उतारने का काम शुरू हुआ। बुधवार को मोहल्ले वालों ने तहसीलदार को इस संंबंध में ज्ञापन भी दिया।
मोहल्ला रामनगर के लोग रेलवे स्टेशन के पास स्थित डिपो में कोयला उतारने का लंबे समय से विरोध कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि कोयले के कण हवा में घुलने से आसपास के लोग बीमार हो रहे हैं। पहले भी ज्ञापन दिया जा चुका है। मंगलवार रात स्थानीय लोगों को पता चला कि रात करीब नौ बजे कोयला लेकर आने वाली मालगाड़ी यहां आएगी।
मालगाड़ी के डिपो पहुंचते ही लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने पहले तो विरोध करने वाले लोगों को समझाने का प्रयास किया। बात न बनने पर रेल अधिकारियों ने कोतवाली पुलिस और आरपीएफ थाने को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही कोतवाल अशोक पाल और आरपीएफ थाना प्रभारी शहनवाज हुसैन भारी मात्रा में फोर्स लेकर मौके पर पहुंच गए। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को रेलवे के उच्च अधिकारियों से मिलकर मामला उठाने का सुझाव दिया। लोगों की नोकझोंक भी हुई। बमुश्किल आरपीएफ ने उन्हें शांत किया।