पीलीभीत। बीएसए अमित कुमार ने शुक्रवार को बिलसंडा ब्लॉक के तीन स्कूल के औचक निरीक्षण किया। प्राथमिक स्कूल ईटगांव में 213 बच्चों के लिए महज तीन लीटर दूध मंगवाने व अन्य गड़बड़ी मिलने पर प्रधानाध्यापक राकेश कुमार को निलंबित कर दिया। अन्य दोनों स्कूलों के इंचार्ज व अध्यापकों से स्पष्टीकरण तलब किया गया है। अनियमितताओं पर खंड शिक्षा अधिकारी को भी फटकार लगाई।
प्राथमिक विद्यालय ईटगांव के निरीक्षण के दौरान बीएसए को 213 छात्र-छात्राओं के सापेक्ष मात्र तीन लीटर दूध मौजूद मिला। पूछने पर कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। मिड डे मिल से खिलवाड़ उजागर हुआ। खुले मसालों का प्रयोग होता मिला। छत पर घास उगी थी, विद्यालय में आई 75 हजार कंपोजिट ग्रांट की धनराशि का विवरण भी अध्यापक नहीं दिखा पाए।
ब्लूटूथ स्पीकर के अलावा खेल सामग्री भी नहीं खरीदी गई। शिक्षण कार्य बेहद घटिया स्तर का पाया गया। एमडीएम के अभिलेख भी अधूरे मिले। इस पर बीएसए ने प्रधान अध्यापक राकेश कुमार को निलंबित कर दिया। कंपोजिट स्कूल नाद में स्कूली छात्र-छात्राओं के आधार प्रमाणीकरण की स्थिति ठीक नहीं मिलने पर बीएसए नाराज हुए। छात्र संख्या में वृद्धि देखने को नहीं मिली। पोषण वाटिका भी नहीं बनाई गई।
प्रभारी प्रधानाध्यापक संध्या गंगा का जवाब तलब किया गया। कंपोजिट विद्यालय रौतापुर में स्कूल की बाउंड्री वॉल टूटी मिलने पर इंचार्ज प्रधानाध्यापक राम रतनलाल की फटकार लगाई और जवाब तलब किया। बीएसए को परिसर में गंदगी भी फैली मिली।