पीलीभीत जिले में कोरोना संक्रमण तेजी से पैर पसार रहा है। गुरुवार देर रात आई रिपोर्ट में 61 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग के अफसरों में खलबली मच गई। अब जनपद में सक्रिय मामलों की संख्या 107 पहुंच गई है। सीएमओ ने स्वास्थ्य कर्मियों को सतर्क कर संक्रमितों की जांच के निर्देश दिए हैं।
कलीनगर निवासी विशाल लखीमपुर में एंबुलेंस सेवा में एएमई पद पर कार्यरत था। सप्ताह भर पूर्व से उसकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन उपचार के लिए बरेली स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। जहां इलाज के दौरान बुधवार को उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मौत से पूर्व कोविड जांच के लिए सैंपल लिया गया था, रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।
जांच का दायरा बढ़ाया
15 अप्रैल के बाद कोरोना के मामले तेजी से बढ़ने लगे थे। बीते चार दिन में 50 से अधिक मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य टीमें सक्रिय हो गईं। जांच का दायरा बढ़ाने के साथ ही कोविड प्रोटोकॉल का पालन कराने को लेकर गंभीरता बरती जाने लगी । इधर गुरुवार देर रात आई रिपोर्ट में 61 नए संक्रमित मिले हैं।
सामने आई रिपोर्ट में अमरिया, बीसलपुर, पूरनपुर, ललौरीखेड़ा, मरौरी और बरखेड़ा समेत कई इलाकों के लोग संक्रमित निकले हैं। सीएमओ डॉक्टर आलोक कुमार ने बताया कि करीब 24 सौ लोगों की सैंपल के बाद आई जांच रिपोर्ट में 61 लोगों की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य टीमों को जांच कर संक्रमितों के संपर्क में आने वाले लोगों को भी ट्रेस करने की हिदायत दी गई है।