बरखेड़ा (पीलीभीत)। पीलीभीत-बीसलपुर हाईवे पर बरखेड़ा में मंगलवार देर रात किसी वाहन की चपेट में आकर बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को सीएचसी के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है।
बरखेड़ा क्षेत्र के गांव दौलतपुर पट्टी निवासी अभिषेक सक्सेना (33) पुत्र सुभाष चंद्र अपने भाई आशीष के साथ एलएच शुगर फैक्टरी में कूलिंग टावर का काम करने गए थे। मंगलवार शाम करीब सात बजे काम पूरा कर दोनों भाई बाइक से घर लौट रहे थे। पीलीभीत-बीसलपुर मार्ग पर बरखेड़ा क्षेत्र में पौंटा के पास बाइक किसी वाहन की चपेट में आ गई। हादसे में बाइक चला रहे अभिषेक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठे आशीष गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। घायल को एंबुलेंस से सीएचसी के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। युवक की मौत पर परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। जांच पड़ताल के बाद शव को कब्जे में ले लिया। थाना प्रभारी मुकेश शुक्ला ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर अज्ञात वाहन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
मृतक अभिषेक का फाइल फोटो।