सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत/न्यूरिया। होली पर मामा के घर मेहमानी में आई डेढ़ वर्षीय मासूम की घर के आंगन में बने गड्ढे में भरे पानी में डूबकर मौत हो गई। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
शाहजहांपुर जिले के थाना रोजा के गांव सहागंज निवासी विमलेश ने बताया कि दो दिन पूर्व उसकी डेढ़ वर्षीय पुत्री नाइरा अपनी मां नीरज देवी के साथ थाना न्यूरिया के गांव अराजी धनकुनी में अपने मामा मुकेश के घर आई थी। मामा के घर के आंगन में नल का पानी एकत्र करने के लिए पांच फुट गहरा गड्ढा बना है। इसमें पानी भी भरा था।
शुक्रवार की देर शाम करीब छह बजे नाइरा घर के अन्य बच्चों के साथ आंगन में ही खेल रही थी। खेलते-खेलते वह गड्ढे में गिर गई। परिजनों ने नाइरा को गिरता देखा और बचाने के लिए दौड़े। जब तक उसे बाहर निकाला जाता, उसकी मौत हो गई।