पीलीभीत। शहर के तीन अलग-अलग मोहल्लों में केबल जल जाने से डेढ़ हजार उपभोक्ताओं की विद्युत आपूर्ति ठप रही। सूचना पर पहुंचे ऊर्जा निगम के कर्मचारियों ने आपूर्ति सुचारू की।
जिले में जिस दिन गर्मी का प्रकोप ज्यादा होता है, उस दिन बिजली भी जमकर परेशान करती है। पिछले कुछ दिनों में बिजली कटौती से राहत मिलने के बाद मंगलवार की रात से ही एक बार बिजली कटौती की समस्या से लोग परेशान रहे।
शहर के मोहल्ला जेपी रोड, शेरों वाली मठिया और पिंक सिटी में लोड अधिक होने की वजह से अलग-अलग समय में बंच केबल जल गई। सूचना पर पहुंचे बिजली कर्मियों ने उन्हें सही किया, लेकिन थोड़ी देर बाद ही दोबारा यहां पर फिर समस्या हो गई।
ऐसे में तीनों मोहल्लों के डेढ़ हजार उपभोक्ता घंटों बिजली की समस्या से परेशान रहे। इसके अलावा अशोक काॅलोनी, एकता नगर, सुरभि कॉलोनी, नई बस्ती, राजीव कॉलोनी, पंजाबियान, लोहा मंडी, बाजार गेट, काला मंदिर, सुनगढ़ी आदि इलाकों में भी बिजली कटौती से उपभोक्ता परेशान रहे।
जेई जहांगीर आलम ने बताया कि लोड अधिक होने से दिक्कत आई थी। कर्मचारियों को भेजकर फॉल्ट ठीक करा दिए हैं।
पूरनपुर में भी 100 से अधिक परिवारों की घंटों ठप रही बिजली
पूरनपुर। केबल डालने के लिए लाइनपार मोहल्ला कुरैशियान में रखे एक ट्रांसफार्मर से दिन में पौने 11 बजे बिजली बंद कर दी गई। शाम सात बजे तक आपूर्ति सुचारू नहीं हो सकी। इससे 100 से अधिक परिवारों की बिजली आपूर्ति ठप रही।
लाइनपार में सती मठिया के समीप 11 हजार केवीए बिजली लाइन में फाॅल्ट से करीब एक घंटे तक कई उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति ठप रही। कोतवाली के समीप दोपहर करीब एक बजे तारों की स्पार्किंग से निकली चिंगारी से खंभए के नीचे रखे खोखे में आग लग गई। बाद में किसी तरह लोगों ने आग को बुझाया। संवाद