पीलीभीत। मंगलवार को दोपहर तक कलक्ट्रेट नारेबाजी से गूंजता रहा। अलग-अलग तीन संगठनों ने वहां पहुंचकर मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। इसके बाद जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इसमें आजाद पार्टी ने कलक्ट्रेट तिराहा पर बाबा साहब की मूर्ति लगवाने की मांग को रखा। आम आदमी पार्टी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री की सेहत के खिलवाड़ करने का आरोप लगाया तो सिविल इंजीनियरिंग डिप्लोमा संघ ने अपनी पुरानी मांगों को पूरा करने की मांग की।
दिल्ली के मुख्यमंत्री को प्रताड़ित कराने का आरोप
पीलीभीत। आम आदमी पार्टी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जेल के अंदर प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए कलक्ट्रेट तिराहा पर धरना दिया। इसके बाद वहां से जुलूस की शक्ल में नारेबाजी करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय के पास पहुंचे। यहां राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन वहां मौजूद उप जिलाधिकारी अतिरिक्त हिमांशु कुमार को सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि शराब घोटाले के नाम पर राजनीतिक षडयंत्र के तहत दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। आज तक उनके खिलाफ कोई सबूत ईडी और सीबीआई कोर्ट में फाइल नहीं कर सकी है। कार्यकर्ताओं का कहना था कि जेल के अंदर मुख्यमंत्री को प्रताड़ित किया जा रहा है। उनको शुगर है बावजूद इसके उनका सही से इलाज नहीं हो पा रहा है। कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री की गिरफ्तारी को तुरंत खारिज करने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में जिला अध्यक्ष अमित मिश्रा, सुनीता गंगवार, संजय कुमार आदि शामिल रहे। संवाद
डिप्लोमा इंजीनियरिंग संघ के पदाधिकारियों ने भी सौंपा ज्ञापन
पीलीभीत। सिविल डिप्लोमा इंजीनियरिंग संघ सिंचाई विभाग की ओर से दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि 22 जुलाई से बांह पर काला फीता बांधकर अपनी सेवा संबंधित मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी के तहत मांगों को लेकर यह ज्ञापन दिया जा रहा है। सिविल डिप्लोमा इंजीनियर संघ की ओर से दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि जूनियर इंजीनियरिंग का स्थानांतरण, ज्येष्ठता निर्धारण, स्थायीकरण, राजपत्रित प्रतिष्ठा जल्द दी जाए। इसके अलावा कई अन्य मांगों को भी रखा गया। ज्ञापन देने वालों में सचिव पीडी मौर्य, भूपेंद्र सिंह, हंसराज यादव, दीपक शर्मा, एमपी सिंह, अनिल राठौर, दिलीप वर्मा, सौरभ श्रीवास्तव, संदीप श्रीवास्तव आदि शामि थे। संवाद
-
निकाला जुलूस, नारेबाजी भी की
पीलीभीत। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने कलक्ट्रेट तिराहा पर बाबा साहब भीमराव आंबेडकर की मूर्ति लगाने की मांग को लेकर जुलूस निकाला। नारेबाजी करते हुए सभी कलक्ट्रेट पहुंचे। यहां नारेबाजी कर डीएम को मांग पत्र सौंपा। ज्ञापन में कहा गया जिला मुख्यालय पर कहीं भी डॉ. आंबेडकर की मूर्ति स्थापित नहीं है। ऐसे में उनकी मूर्ति टनकपुर हाईवे से विकास भवन गेट जाने वाले तिराहे पर लगाई जाए। इस दौरान जिलाध्यक्ष प्रेम गौतम,आकाश सिंह, वहीद खां, अकरम खां, गोपाल सिंह सागर, राजा राम गौतम सहित कई लोग मौजूद रहे। संवाद
कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन करते आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ता।संवाद
कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन करते आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ता।संवाद