विभागीय बैठक में शराब पीकर हंगामा करना न्यूरिया के पशु चिकित्साधिकारी को महंगा पड़ गया। डीएम की रिपोर्ट पर शासन ने उन्हें निलंबित कर दिया है।
पशु चिकित्सा विभाग की बैठक 21 जनवरी को जिला मुख्यालय पर हुई थी, जिसमें न्यूरिया के पशु चिकित्साधिकारी डॉ. सर्वेश कुमार शराब पीकर पहुंचे और उन्होंने जमकर हंगामा किया। समझाने के बाद भी न मानने पर सीवीओ ने इसकी सूचना डीएम को दी थी, जिस पर डीएम ने सीडीओ को मौके पर भेजा था। बताते हैं कि नशे में धुत पशुचिकित्साधिकारी ने सीडीओ के सामने भी हंगामा किया। इस पर सीडीओ ने अपनी रिपोर्ट डीएम को सौंप दी। सीडीओ की रिपोर्ट पर डीएम ने कार्रवाई की संस्तुति कर पत्रावली शासन को भेज दी थी। डीएम की रिपोर्ट पर अब शासन ने उन्हें निलंबित कर दिया है। शासन से हुई कार्रवाई का पत्र पशु चिकित्सा विभाग के साथ आरोपी चिकित्सक को भी प्राप्त करा दिया गया है। सीवीओ डॉ. राजीव गुप्ता ने बताया कि शासन से न्यूरिया के पशु चिकित्साधिकारी को निलंबित किए जाने का पत्र प्राप्त हुआ है। इसकी प्रति उन्हें भी उपलब्ध करा दी गई है। उनके स्थान पर मझोला के पशु चिकित्साधिकारी डॉ. नवीन कुमार वर्मा को चार्ज सौंपा गया है।