बीएसए कार्यालय के पास खड़ी रोडवेज बसे।संवाद
पीलीभीत। रोडवेज स्टैंड के बाहर मार्ग पर बसों की लंबी कतार से पैदा होने वाली जाम की समस्या दूर हो गई है। जाम और हादसे के खतरे को ध्यान में रखते हुए परिवहन निगम ने पहल की है। इसके लिए बीएसए कार्यालय के निकट खाली स्थान पर बसों को खड़ा कराया जाने लगा है।
पीलीभीत रोडवेज बस स्टैंड से करीब 112 बसों का संचालन होता है। इसमें दिल्ली, लखनऊ, उत्तराखंड समेत अन्य मार्गों की बसों का दिनभर स्टैंड पर आवागमन होता है। बस अड्डे का दायरा काफी कम है। एक समय में चार से पांच बसें ही परिसर में सही से खड़ी हो पाती हैं। बारिश हो जाने के बाद स्थिति और बिगड़ जाती है। मजबूर होकर चालकों को मार्ग पर ही बसों को खड़ा करना पड़ता है।
अब तक स्टैंड से लेकर ऊर्जा निगम के कार्यालय तक बसों की कतार लग रही थी। इससे जाम की समस्या के साथ हादसे का खतरा बढ़ गया था। इसको ध्यान में रखते हुए परिवहन निगम ने समस्या को दूर करने के लिए मंथन किया। इसके बाद बीएसए कार्यालय जाने वाली सड़क पर खाली पड़े स्थान पर बसों को खड़ा किया जाना शुरू कर दिया गया।
एआरएम पवन कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि बसों को मुख्य मार्ग से हटाकर खाली स्थान पर खड़ा कराया जा रहा है। कोशिश है कि मार्ग पर यातायात व्यवस्था सुचारु रहे।