पीलीभीत। कोतवाली से चंद कदमों की दूरी पर लगातार चोर नकब लगाकर घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। घटना के बाद पुलिस मुकदमा तो दर्ज कर लेती है, मगर किसी चोरी का खुलासा नहीं कर पाती। रविवार की रात चारों ने कोतवाली के पास ही दोबारा से दोे अन्य दुकानों में नकब लगाकर लाखों रुपये की नकदी समेट ली। इससे व्यापारियों में आक्रोश है।
थाना कोतवाली क्षेत्र के मुख्य बाजार गल्ला मंडी में सत्यम ट्रेडर्स के नाम से नीलेश कुमार की दुकान है। रविवार रात चोर किसी तरह दुकान की छत पर चढ़ गए। इसके बाद छत पर नकब लगा दिया और नीचे उतर गए। चोर गल्ले में रखे 80 हजार रुपये चुरा ले गए। इसके बाद चोरों ने पड़ोस की ही दुकान जकी ट्रेडर्स में भी नकब लगा दिया।
दुकान स्वामी सऊद शमसी ने बताया कि उनकी दुकान में भी चोरों ने छत के रास्ते से नकब लगाया है। चोर उनकी दुकान से भी 50 हजार रुपये चुरा ले गए हैं। सोमवार की सुबह जब दुकान स्वामियों ने अपनी दुकान खोली तो उन्हें चोरी की जानकारी हुई। चोरी की सूचना मिलने पर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के कई व्यापारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध जतााया। बाजार में हुई चोरी की घटना को लेकर व्यापारियों में आक्रोश है। सूचना पुलिस को दी गई तो सदर कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नरेश त्यागी ने बताया चोरी की घटना का वर्कआउट करने के प्रयास किया जा रहे हैं।
पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं का नहीं हो सका है खुलासा
व्यापारियों का आरोप था कि कोतवाली पुलिस चोरी की घटनाओं की रिपोर्ट तो दर्ज कर लेती है। मगर उनका खुलासा नहीं करती है। युवक संघ पुस्तकालय के पास स्थित दुकान में चोरी की घटना का आजतक खुलासा नहीं किया गया।