पीलीभीत। रेल दुर्घटनाओं को देखते हुए अब शासन स्तर से सक्रियता बरती जा रही है। रेलवे ट्रैक की निगरानी के लिए आरपीएफ के अलावा स्थानीय लोगों के सहयोग से भी सुरक्षा के इंतजाम किए जाएंगे, जिससे रेलवे ट्रैक पर होने रेल हादसों को रोका जा सके। विभागीय अधिकारियों के आदेश के बाद अब इस पर काम शुरू कर दिया गया है।
देशभर में रेलवे ट्रैक पर ट्रेनों को क्षति पहुंचाने की हो रही घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए ट्रैक पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम कराए जा रहे हैं। महानिदेशक ने रेलवे ट्रैक पर सुरक्षा बढ़ाए जाने के निर्देश जिले के अधिकारियों को दिए हैं। इसके चलते रेलवे ट्रैक के किनारे बसे गांव व मोहल्लों के लोगों की सूची रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के कर्मचारी करेंगे और इन गांवों के लोगों में कुछ लोगों को रेल मित्र बनाएंगे।
साथ ही परिचालन और इंजीनियरिंग विभाग के सुपरवाइजर व कर्मचारियों से तालमेल बनाकर ट्रैक की सुरक्षा करने की रणनीति तैयार की जाएगी। इसके अलावा पेट्रोलिंग करने वाले ट्रैकमैन, चाबीमैन, पाॅइंट्समैन को ट्रैक पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। यह लोग रेलवे ट्रैक पर संदिग्ध व्यक्ति व सामान मिलने पर तत्काल अधिकारियों को सूचित करेंगे।
रेलवे ट्रैक की निगरानी के लिए रेल मित्र बनाए जाएंगे। इसके लिए रेलवे ट्रैक के आस-पास रहने वाले लोगों से संपर्क किया जा रहा है। - शहनबाज हुसैन, इंस्पेक्टर आरपीएफ