ऑनलाइन आवेदन होने के बाद दी जाएगी तारीख
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। वाहन स्वामियों के लिए राहत भरी खबर है। अब वाहनों की फिटनेस के लिए उन्हें परेशान नहीं होना पड़ेगा। परिवहन विभाग की नई व्यवस्था में वाहन, जिस जिले में होगा। फिटनेस वहीं हो जाएगी। अपर परिवहन आयुक्त ने इस संबंध में सभी जिलों के परिवहन अधिकारियों को पत्र भी जारी कर दिया है। इस व्यवस्था से जिले के कामर्शियल वाहनों के मालिकों को काफी राहत मिलेगी।
कभी-कभार वाहन दूसरे जिले में होने की वजह से वाहन स्वामी समय से फिटनेस नहीं करा पाते। इस बीच जांच में वाहन बिना फिटनेस पाए जाने पर चालान कर दिया जाता और वाहन स्वामी को जुर्माना भरना पड़ता है। अब ऐसा नहीं होगा। वाहन स्वामियों को इस तरह के चालान से निजात मिलेगी।
अपर परिवहन आयुक्त एके सिंह ने जिले के सभी उपसंभागीय कार्यालयों को एक पत्र जारी किया है। इसमें किसी भी जिले में फिटनेस कराने की व्यवस्था के बारे में जानकारी दी गई है। कहा है कि फिटनेस के लिए वाहन 4.0 पोर्टल संचालित किया गया है। एआरटीओ वीरेंद्र सिंह ने बताया कि आदेश आ गया। जल्द ही इसके माध्यम से फिटनेस प्रक्रिया को पूरा किया जाने लगेगा।
-
यह है किसी भी जिले में फिटनेस की प्रक्रिया
फिटनेस के लिए आवेदक को वाहन 4.0 पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। अपना जिला चयनित कर जरूरी दस्तावेज लगाने होंगे। इसके बाद एप के माध्यम से ही अधिकारी की ओर से इसका निरीक्षण कर लिया जाएगा। फिर एक नियत तिथि पर फिटनेस के लिए बुलाया जाएगा। पोर्टल पर अपलोड की गई जानकारी की पुष्टि की जाएगी और फिटनेस के बाद सर्टिफिकेट दे दिया जाएगा।
-
जिले में पंजीकृत हैं करीब पांच हजार कामर्शियल वाहन
जिले में पांच हजार के करीब बड़े वाहन हैं। स्कूल बस व निजी बस मिलाकर कुल 400, ट्रक छोटे व बड़े मिलाकर एक हजार, डीसीएम, लोडर व अन्य मालवाहक वाहनों की संख्या 200 के करीब है। इसके अलावा कुछ वाहन अन्य जिलों में पंजीकृत हैं। जिनका संचालन यहां पर किया जा रहा है।