शहर के ड्रंमड राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित क्रीड़ा समिति की बैठक में मौजूद लोग।स्रोत:शिक्षक
पीलीभीत। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अचल कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में जिला विद्यालय क्रीड़ा समिति की बैठक ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज में हुई। इस दौरान डीआईओएस ने वर्ष 2024-25 के लिए वार्षिक खेलकूद का कैलेंडर जारी किया। माध्यमिक विद्यालयों की सूची में नौ और खेलों को शामिल किया गया है।
बैठक में जनपद, मंडल तथा प्रदेश स्तर पर होने वाली 33 खेलकूद प्रतियोगिताओं का कार्यक्रम जारी किया है। जिला क्रीड़ा समिति के उपाध्यक्ष बीएसए अमित कुमार सिंह ने बताया कि वर्ष 2024-25 के वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिताओं में बेसिक शिक्षा विभाग के भी ज्यादा से ज्यादा संख्या में विद्यार्थी प्रतिभा कर जनपद का नाम ऊंचा करें।
जिला क्रीड़ा सचिव राजेश शुक्ला ने बताया कि इस वर्ष सीबीएसई बोर्ड तथा सीआईएससी बोर्ड के विद्यार्थी प्रतिभाग नहीं करेंगे। इस वर्ष सेपक टाकरा, बुशु मलखम, गतका, शतरंज, योगासन सहित नौ और खेलों को तीन वर्ष के लिए ट्रायल के आधार पर शामिल किया गया। इन खेलों को जनपद से राज्य स्तर तक ही खेला जाएगा।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2023-24 खिलाड़ियों के लिए बहुत अच्छा रहा। इस वर्ष खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर दो तथा राज्य स्तर पर तीन स्वर्ण पदक प्राप्त किए। राज्य स्तर पर पांच रजत व आठ कांस्य सहित कुल 18 पदक जीते हैं। राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य संतोष कुमार, जीजीआईसी की प्रधानाचार्य अनीता रानी, आर्य कन्या की प्रधानाचार्य सुमन देवी मिश्रा, सीएंडजे कलीनगर के प्रधानाचार्य नरेंद्र सिंह, छत्रपति शिवाजी इंटर कॉलेज जोगीठेर के प्रधानाचार्य डॉ. योगेश कुमार, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पूरनपुर की प्रधानाचार्य डॉ. जाहिदा खातून आदि मौजूद रहे।