नेपालियों ने एसएसबी की चेक पोस्ट फूंक दी
पिछले दिनों भारत-नेपाल बॉर्डर पर नोमैंस लैंड में पुलिया के निर्माण को लेकर हुए संघर्ष के बाद अब हालात सामान्य हो रहे थे कि मंगलवार की रात फिर स्थिति बिगाड़ने की कोशिश की गई। नेपालियों ने सीमा पर एसएसबी (सशस्त्र सीमा बल) की एक अस्थायी चेक पोस्ट को आग के हवाले कर दिया। इसकी जानकारी मिलने पर एसएसबी व स्थानीय पुलिस ने मौके का मुआयना कर हालात का जायजा लिया। बॉर्डर पर तस्करी रोकने के लिए एसएसबी की ओर से टिल्ला नंबर चार के पिलर संख्या 35 के पास एक अस्थायी चेक पोस्ट बना रखी है। मंगलवार देर रात चेक पोस्ट पर किसी की मौजूदगी न होने का फायदा उठाकर नेपालियों ने शरारत करके चेक पोस्ट को आग लगा दी। बुधवार सुबह इसकी जानकारी मिलने पर कंबोजनगर चौकी प्रभारी सुभाष चंद्र ने पुलिस बल के साथ मौका मुआयना किया। उन्होंने बताया कि सीमावर्ती इलाके में हालात पूरी तरह से सामान्य हैं। घटना को लेकर नेपाल पुलिस से भी संपर्क किया जा रहा है।