घुंघचाई। बेवजह गाली गलौज करने के विरोध पर युवक की पिटाई की गई। जान से मारने की नीयत से उस पर फावड़े से प्रहार किया गया। जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बचाने आई उसकी बहन को भी पीट दिया। मामले की तहरीर दी गई है।
घुंघचाई थाना क्षेत्र के गांव दिलावरपुर निवासी ज्ञान देवी ने बताया कि उसका भाई वीरपाल 20 अगस्त को अपने घर के सामने मवेशियों को नहला रहा था। इसी दौरान पड़ोस के रहने वाले एक युवक ने बेवजह उससे गाली गलौज की। जब युवक ने विरोध किया तो पड़ोसी हमलावर हो गए। परिवार के लोगों को मौके पर बुला लिया।
सभी ने एक साथ मिलकर उसके भाई को लाठी-डंडों से जमकर पीट दिया। जान से मारने की नीयत से उस पर फावड़े से प्रहार किया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बचाने गई बहन ज्ञानदेवी को भी पीट दिया गया। शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी गई।
घायल अवस्था में वह अपने भाई को लेकर थाने पहुंची। जहां पुलिस ने युवक को मेडिकल के लिए भेजा। मामले की पुलिस को तहरीर दी गई है। थाना प्रभारी विशेष कुमार ने बताया घायल युवक का मेडिकल कराया गया है। मामले की जांच कर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।