बीसलपुर के मोहल्ला दुर्गा प्रसाद में बिजली के तार के साथ जलता पेड़।
बीसलपुर। मोहल्ला दुर्गाप्रसाद में बृहस्पतिवार दोपहर जर्जर विद्युत लाइन के तार टूटने से नीम के पेड़ में आग लग गई। बिजली लाइन पेड़ की डालियों के बीच से गुजर रही है। करीब एक घंटे बाद कर्मचारियों ने बिजली आपूर्ति बंद की। इसके बाद आसपास के लोगों ने पानी डालकर आग बुझाई। तार टूटने से 100 घरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई है।
नगर के अधिकांश इलाकों में बिजली लाइनें काफी जर्जर हैं। मोहल्ला दुर्गाप्रसाद भी इससे अछूता नहीं है। कई जगह तार ढीले होकर नीचे झूल रहे हैं। बृहस्पतिवार दोपहर मोहल्ला दुर्गाप्रसाद में जर्जर विद्युत लाइन के तार टूटने से नीम के पेड़ में आग लग गई। बिजली कर्मचारियों के सप्लाई बंद करने के बाद पड़ोस के लोगों ने पेड़ पर पानी डालकर आग बुझाई। मोहल्ले के करीब 100 घरों की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई है।
जब बिजली लाइन के तार टूटने से पेड़ में आग लगी, उस समय आसपास काफी भीड़भाड़ थी। तार टूटने पर चिंगारियां निकलनी शुरू हुईं तो आसपास के दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर भाग गए। शाम तक विद्युत कर्मचारियों ने टूटे तार नहीं जोड़े थे। पावर कॉरपोरेशन के अधिशासी अभियंता अमित कुमार आनंद ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आ गया है। जल्द ही तार जुड़वाकर बिजली आपूर्ति सुचारू कर दी जाएगी।