कलेक्ट्रेट स्थित स्वच्छता वाटिका में लगा कूड़े का ढ़ेर । संवाद
डीएम कार्यालय के ठीक सामने है वाटिका, मदार, कुश और लटजीरा के पौधे हो चुके हैं गायब
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। डीएम कार्यालय के ठीक सामने नवग्रह वाटिका से तीन ग्रहों के पौधे गायब हो गए हैं। अब गमलों पर इन पौधों के नाम की सिर्फ तख्तियां ही दिखती हैं। कार्यालय के ठीक सामने इस वाटिका पर न तो साहब की नजर पड़ी और न ही कर्मचारी सजग हैं।
कलक्ट्रेट में डीएम कार्यालय के ठीक सामने पार्क में नवग्रह वाटिका बनाई गई है। ग्रहों के अनुसार नौ पौधे लगाए गए। देखरेख के अभाव में इस वाटिका से तीन पौधे गायब हो चुके हैं। इन पौधों के नाम की तख्ती ही नजर आती है। इनमें लटजीरा, मदार और कुश शामिल हैं तो दूब के गमले में दूब तो नहीं घास जरूर दिखती है।
लटजीरा को बुध ग्रह, मदार को सूर्य और कुश के पौधे को केतु ग्रह के लिए लगाया जाता है। अब वाटिका में यह पौधे नजर नहीं आते। पार्क में दीवार के पास कूड़े का ढेर लगा दिखता है।
-
स्वच्छता वाटिका में अब तक डाला जा रहा कूड़ा
कलक्ट्रेट में ही एसडीएम न्यायालय के सामने स्वच्छता वाटिका बनी है। यह वाटिका सिर्फ नाम की ही स्वच्छ है। कार्यालयों के कर्मचारी कागज, चाय के खाली कुल्हड़-ग्लास व कचरा यहां डालते हैं। यह कूड़ा नियमित उठाया भी नहीं जाता। जिम्मेदारों ने यहां कूड़ादान रखवाना भी जरूरी नहीं समझा है। ऐसे में स्वच्छता वाटिका में फरियादी गंदगी के बीच बैठे नजर आते हैं।
कलेक्ट्रेट स्थित स्वच्छता वाटिका में लगा कूड़े का ढ़ेर । संवाद