शहर के गांधी स्टेडियम परिसर में भरा पानी।संवाद
पीलीभीत। बेसिक विद्यालयों में पानी भर जाने से जुलाई माह में होने वाली खेलकूद गतिविधियां भी पटरी से उतर गई हैं। शासन की ओर से जारी खेलकूद कैलेंडर के तहत जुलाई में प्रतियोगिता होनी हैं, मगर जलभराव के चलते इसके आसार नजर नहीं आ रहे।
नया शिक्षा सत्र आरंभ होने के बाद शासन ने बेसिक स्कूलों में वर्षभर होने वाली खेलकूद गतिविधियों को लेकर कैलेंडर जारी किया था। इसमें अलग-अलग माह में खेल की प्रतियोगिताएं कराए जाने के निर्देश थे। जुलाई की शुरूआत होते ही विद्यार्थी भी तैयारी में लग गए थे। मगर, उनकी तैयारियों पर बारिश ने ब्रेक लगा दिया।
मूसलाधार बारिश से जिले के करीब 530 स्कूलों में इस समय पानी भरा हुआ है। वहीं, कई स्कूलों में कीचड़ हो गया है। ऐसे में स्कूलों में अवकाश भी कर दिया। मैदान में पानी और कीचड़ भर जाने के कारण छात्र तैयारी नहीं कर पा रहे हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया स्कूलों में पानी भर जाने के कारण कोई भी गतिविधि नहीं हो पा रही है। पानी सूखने के बाद ही अब कुछ हो सकेगा।
स्टेडियम में पांच दिनों से ठप है अभ्यास
बारिश के बाद गांधी स्टेडियम में भी जलभराव हो गया है। इस वजह से खिलाड़ियों के सामने अभ्यास करने की समस्या खड़ी हो गई है। यही नहीं सुबह और शाम के समय टहलने आने वाले लोगों को भी परेशानी हो रही है। खिलाड़ियों ने बताया कि स्टेडियम से जलनिकासी की कोई व्यवस्था न होने की वजह से यह दिक्कत हर बार आती है। सिटी मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर ने बताया कि क्रीड़ा अधिकारी से इस बावत बात की गई है, पानी न भरे इसको लेकर उनसे सुझाव भी मांगा गया है।