बसंत पंचमी को देखते हुए बाजार में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के चित्र वाली पतंगों की बिक्री हो रही है। इसे आचार संहिता का उल्लंघन माना गया है। प्रेक्षक के संज्ञान में मामला आने पर उड़न दस्ते ने नगर की एक दुकान पर छापा मारा और 130 पतंगों को कब्जे में लिया। दुकानदार मोहल्ला गनेशगंज निवासी मोहम्मद आरिफ के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। उड़न दस्ता टीम के प्रभारी/नायब तहसीलदार सदानंद सरोज ने बताया कि नगर की बैंड वाली गली में मोहम्मद आरिफ की दुकान में प्रधानमंत्री के चित्रों वाली पतंगों की बिक्री की सूचना मिली। उच्च अफसरों ने इसे चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन बताते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए। इस सूचना पर दुकान पर छापा मारा गया। छापे में 130 पतंगों पर प्रधानमंत्री का चित्र बना पाया गया। इन्हें कब्जे में लेकर कोतवाली पुलिस के सुपुर्द किया गया। पुलिस ने टीम प्रभारी सदानंद सरोज की ओर से मोहम्मद आरिफ के खिलाफ चुनाव आचार संहिता के उल्लघंन की रिपोर्ट दर्ज की है।