जरा चौकी से शिवनगर जाने वाला जर्जर मार्ग । संवाद
पीलीभीत। जराचौकी- शिवनगर मार्ग का निर्माण कार्य मंजूरी मिलने के आठ महीने बाद भी शुरू नहीं हो सका। ग्रामीणों की मांग पर अब बरखेड़ा विधायक ने इसका अन्य जिला मार्ग योजना के तहत निर्माण करने के लिए लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को प्रस्ताव भेजा है। गजरौला क्षेत्र के गांव जरा चौकी से शिवनगर होते हुए रामनगर तक करीब 16 किलोमीटर का मार्ग कई वर्षों से बेहद दयनीय हालत में है। मार्ग में गहरे गड्ढे हो जाने से पैदल निकलना तक दूभर है। आठ महीने पहले इस मार्ग के निर्माण के लिए शासन स्तर से मंजूरी मिली थी, लेकिन निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका।
अब बरखेड़ा विधायक प्रवक्तानंद ने मार्ग को अन्य जिला मार्ग योजना में शामिल करने के लिए पैरवी की है। इसके लिए उन्होंने लोक निर्माण विभाग को प्रस्ताव भेजा गया है। संभावना है कि जल्द ही इस प्रस्ताव को मंजूरी मिल जाएगी। इस मार्ग का निर्माण हो जाने से एक दर्जन से ज्यादा गांवों के लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी।