न्यूरिया। घर से साइकिल से निकले मानसिक रूप से बीमार युवक ने टनकपुर से पीलीभीत आ रही ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जान दे दी। सूचना मिलते ही थाना पुलिस व रेलवे की पुलिस मौके पर पहुंच गई। परिजनों के पहुंचने पर पुलिस ने शव का पंचायतनामा भर पोस्टमार्टम को भेज दिया। क्षेत्र के गांव मेंथी सेदुल्लागंज के रहने वाले मृतक के चाचा शंकर लाल ने बताया कि उनका भतीजा रोहित (30 वर्ष) पुत्र अशोक कुमार को करीब दो वर्ष पूर्व दिमागी बुखार हो गया था। उसका बरेली के बाद कुछ दिन से शहर के ही एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा था। शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े बारह बजे वह गांव के ही पास स्थित बिथरा स्टैंड पर जाने की बात कहकर घर से निकला था।
बताया जा रहा है कि टनकपुर से पीलीभीत जाने वाली गाड़ी संख्या 05342 के करीब आते ही उसने अपनी साइकिल को साइड में फेंक दिया और खुद उसके आगे कूद गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। शव काफी क्षतविक्षत हो जाने के कारण काफी देर तक उसकी शिनाख्त नहीं की जा सकी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब युवक की तलाशी ली तो उसकी जेब में मिले मोबाइल फोन के जरिए युवक की पहचान की जा सकी। सूचना पर पहुंचे परिजन युवक का शव देखते ही बेसुध हो गए। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
मृतक रोहित ।