विनोबा सेवा आश्रम के तत्वावधान में सोमवार से शुरू हुए दस दिवसीय मेले का डीएम ओएन सिंह ने उद्घाटन किया। उन्होंने मेले में लगाए गए स्टालों का भी निरीक्षण किया और उत्पादों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि गांवों से उद्योग समाप्त होते जा रहे हैं। ऐसी स्थिति में विनोबा सेवा आश्रम का यह प्रयास सार्थकता की ओर बढ़ रहा है। आवश्यकता इस बात की है कि कृषि पर आधारित छोटे-छोटे उद्योगों को प्रोत्साहित किया जाए। कहा कि चीन ने पूरे बाजार पर कब्जा कर लिया है। हमें कम लागत में बेहतर उत्पादन करना चाहिए। विनोबा सेवा आश्रम के संस्थापक रमेश भैया ने कहा कि संस्था ने जिला स्तरीय खादी महोत्सव की परंपरा डाली थी। इस परंपरा को खादी एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री हाजी रियाज अहमद ने विस्तार देकर राज्य स्तरीय बना दिया। डीएम ने महिला बंदियों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की प्रदर्शनी का भी शुभारंभ किया। इससे पूर्व संतराम सरस्वती शिशु मंदिर के बच्चों ने सरस्वती वंदना व स्वागत गीत प्रस्तुत किया। इस मौके पर सीए संजय अग्रवाल, जन शिक्षण संस्थान के निदेशक डॉ. उमाशंकर सिंह, जिला कारागार अधीक्षक विनोद कुमार, सुरेश सिंह, रंजना बहन, मोहित सक्सेना, रेखा परिहार, सुखवीर सिंह भदौरिया, जेबी परिहार, डॉ. डीके गंगवार, दिग्विजय सिंह, नेहा मिश्रा, आदित्य कुमार आदि मौजूद रहे।