प्रेक्षक ने चुनाव अधिकारियों के साथ की बैठक
प्रेक्षक कपिल मीना ने कर्मचारियों की बैठक लेकर छोटी से छोटी समस्याओं को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सेक्टर मजिस्ट्रेट मतदान एक दिन पहले और मतदान के दिन अपने क्षेत्र में रहेंगे। पूरनपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए नियुक्त प्रेक्षक ने सोमवार को तहसील के नए भवन जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट, उड़नदस्ता टीम के सदस्यों, एसओ, चौकी इंचार्जों की बैठक कर चुनाव तैयारियों पर चर्चा की। कहा कि छोटी समस्याएं बड़ा रूप धारण कर लेती हैं। हर समस्या को गंभीरता से लेकर उनको समय रहते निराकरण करे। उन्होंने कहा चुनाव राष्ट्रीय कार्यक्रम है। इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी जिम्मेदारी से अपनी ड्यूटी को निभाकर शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव कराएं। बैठक में एसडीएम श्रद्धा शांडिल्यायन, सीओ ब्रह्मपाल सिंह, तहसीलदार कुंवर बहादुर सिंह, इंस्पेक्टर भुवनेश गौतम, मनोज त्यागी आदि थे।