पहली अप्रैल से लागू हो रहे खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत आवेदन जमा करने और सूची बनाने का काम चल रहा है। मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में डीएम ने समीक्षा बैठक कर प्रगति जानी। बैठक के दौरान ग्राम पंचायत अधिकारियों ने काम के अनुरूप स्टाफ कम होने की समस्या रखी, जिस पर डीएम ने एसडीएम को इस कार्य के लिए लेखपाल एवं अन्य कर्मचारियों को लगाने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर लेकर तीन मार्च तक पात्रों की सूची तैयार हो जानी चाहिए। जिला पूर्ति अधिकारी रमन मिश्रा ने बताया कि आवेदन फार्म में आधार कार्ड अथवा वोटर आईडी कोई एक दस्तावेज लगाया जा सकता है। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत अधिकारियों की शंकाओं का भी समाधान किया। समीक्षा बैठक में डीडीओ एके सिंह चंद्रौल, एसडीएम संजय कुमार, एपी श्रीवास्तव, डीसी मनरेगा डॉ. शिवाकांत द्विवेदी सहित सभी ग्राम पंचायत अधिकारी मौजूद रहे।