पीलीभीत। बारिश के चलते बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल की विद्युत लाइन में फाल्ट आ गया। इससे पौन घंटे तक अस्पताल में बिजली नहीं रही। बिजली जाने से अल्ट्रासाउंड व एक्सरे का काम प्रभावित हुआ। दोनों कक्षों के बाहर मरीजों की भीड़ इकट्ठा हो गई।
बृहस्पतिवार सुबह नौ बजे के बाद अचानक बिजली चली गई। रोजाना की तरह सुबह से ही अस्पताल में मरीजों की संख्या अधिक थी। कई मरीज अल्ट्रासाउंड और एक्सरे कराने के लिए भी पहुंचे थे। इसी दौरान बिजली चली गई। कुछ देर के लिए मरीज अस्पताल परिसर के बाहर आकर खड़े हो गए। करीब दस बजे जेनरेटर चलाया जा सका। इसके बाद सेवाएं सुचारु हो सकी। महिला अस्पताल में भी यही हाल रहा। बिजली न होने से अल्ट्रासाउंड के लिए गर्भवती महिलाओं को इंतजार करना पड़ा। महिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. अनीता चौरसिया ने बताया कि अचानक फाल्ट होने से बिजली चली गई थी।