May visit to overbridge by Diwali
नौगवां ओवरब्रिज पर दीपावली तक आवागमन शुरू हो सकता है। निर्माण कार्यों के निरीक्षण को आए सेतु निगम के अधीक्षण अभियंता ने अधिशासी अभियंता को काम में तेजी लाकर जल्द काम पूरा करने के निर्देश दिए हैं। नौगवां रेलवे क्रासिंग पर करीब डेढ़ साल पहले निर्माण शुरू कराया गया था। इसके लिए डेढ़ साल का समय दिया गया था लेकिन रेलवे क्रासिंग से शहर की ओर खड़े पेड़ों के काटने की अनुमति मिलने में देरी के चलते एक ओर का काम देरी से शुरू हो सका। पेड़ कटने के बाद काम शुरू होते ही उत्तराखंड में खनन में रोक लग गई जिससे निर्माण सामग्री मिलना बंद हो गई। इसके कारण काम फिर बंद करना पड़ा। अब सामग्री मिलने पर काम शुरू किया गया है और वर्तमान समय में युद्धस्तर पर काम चल रहा है। रविवार को अधीक्षण अभियंता ने पीलीभीत पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। अधिशासी अभियंता वीके सेन ने बताया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता ठीक मिली है। निर्माण सामग्री को लेकर अब कोई दिक्कत नहीं है। अधीक्षण अभियंता ने दिवाली तक निर्माण पूरा कराकर यातायात शुरू कराने के निर्देश दिए हैं। समय से काम पूरा हो इसके प्रयास किए जा रहे हैं।