शहर कोतवाली में मौजूद रंगदारी वसूलने का आरोपी मौलवी।संवाद
पीलीभीत। खुद को पुलिस का खास बताकर धर्म विशेष के लोगों को अपराध के लिए उकसाने के साथ डरा धमकाकर रंगदारी वसूलने वाले एक मौलवी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। शिकायत मिलने पर कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया है।
शहर कोतवाली में शुक्रवार को सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि तीन अक्टूबर को कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बेनी चौधरी निवासी सुल्तान की ओर से पुलिस को एक तहरीर दी गई। इसमें कहा गया कि दो माह पूर्व पुलिस ने शक के आधार पर उसे, फुरकान और सलीम उर्फ गंठा को पूछताछ के लिए बुलाया था।
आरोप है कि इस बीच मोहल्ला डालचंद निवासी मोहम्मद तसलीम ने उन्हें रिपोर्ट दर्ज होने की बात कहकर डराया। मामला रफादफा करने के लिए पुलिस को रिश्वत देने की बात कहकर 50 हजार रुपये मांगे। दहशत में आकर उन लोगों ने 40 हजार रुपये दे दिए। बाद में पता चला कि उन पर कोई कार्रवाई ही नहीं हुई थी। आरोपी ने पुलिस के नाम पर रंगदारी वसूली थी।
पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल की तो चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। उक्त आरोपी शहर की एक मस्जिद में मौलवी भी रह चुका है। वह धर्म विशेष के भोले वाले व अशिक्षित लोगों को पुलिस का खास बताकर अपराध के लिए उकसाता था और उन्हें पुलिस से बचाने का दावा करते हुए रंगदारी वसूलता था। पुलिस ने शुक्रवार को उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
जांच में रुपये वसूलने के कई मामले आए सामने
सीओ दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि मामले की जांच लगातार जारी है। अब तक की जांच में आरोपी के द्वारा कई लोगों से डरा धमकाकर रुपये वसूलने के मामले भी सामने आए हैं। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उसके परिवार के अन्य सदस्यों की स्थिति की भी जांच की जा रही है।