पीलीभीत। गांव के ही युवक ने विवाहिता के साथ कोर्ट मैरिज कर ली। जब युवती युवक के घर पहुंची, तो ससुरालियों ने उससे दहेज में तीन लाख रुपये की मांग की और घर से निकाल दिया। विवाहिता की तहरीर पर पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
थाना सुनगढ़ी क्षेत्र के गांव सिरसा रंपुरिया निवासी जगदेई ने बताया कि रामगोपाल से उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था। मई माह में उसने कोर्ट मैरिज कर ली। जब वह ससुराल पहुंची तो रामगोपाल की मां धनदेवी, बहन नीरज, बहनोई प्रदीप, चाचा हरिराम की पत्नी ने एक राय होकर गाली गलौज की। पति रामगोपाल को भी कमरे में बंद कर दिया।
जब उसने पति को बुलाना चाहा, तो उक्त लोगों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। जब उसने पुलिस को फोन करना चाहा तो प्रदीप ने उसका फोन तोड़ दिया। इसके बाद उसे घर से निकाल दिया गया। इसी दौरान उसकी जानकारी में आया कि पति की दूसरी शादी कराई जा रही है। जहां से तीन लाख रुपये का दहेज मिला है।
पीड़िता के अनुसार कन्या पक्ष को जब इस बात की जानकारी हुई, तो उन्होंने शादी से इन्कार कर दिया और अपना रुपया वापस ले लिया। अब सुनगढ़ी पुलिस ने विवाहिता की तहरीर पर रामगोपाल, धनदेवी, हरिराम की पत्नी, गंगाराम, हरिप्रसाद, नीरज और प्रदीप के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।