आग से झुलसी विवाहिता की इलाज के दौरान मौत
दो सप्ताह पहले खाना बनाते वक्त आग से झुलसी विवाहिता ने इलाज के दौरान जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर मायके व ससुराल पक्ष के लोग मौके पर जमा हो गए। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। न्यूरिया के बिथरा गांव की रहने वाली भूपराम की पुत्री 25 वर्षीय मधु की शादी छह साल पहले शिवपुरिया गांव निवासी उमेश से हुई थी। 16 अप्रैल को ससुराल में खाना बनाते वक्त मधु गंभीर रुप से झुलस गई थी। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उसकी इलाज के दौरान बृहस्पतिवार को मौत हो गई। इसकी खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। कुछ ही देर में ससुराल व मायके पक्ष के दर्जनों लोग जमा हो गए। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। जिस पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। मृतक के पांच साल का बेटा अमित है। सीओ सदर निशांक शर्मा ने बताया कि मृतका के परिवार वाले खाना बनाते समय जलकर मरने की बात कह रहे है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। परिवार वालों का आपसी समझौता हो गया है। कोई तहरीर अभी तक पुलिस को नहीं दी गई है।