पीलीभीत मंडी में तौल के बाद वारदाने में गेहूं भरते मजदूर। संवाद
पीलीभीत। गेहूं का बाजार मूल्य शुक्रवार को बढ़कर 2525 रुपये पहुंच गया। सरकारी क्रय केंद्रों पर नाममात्र ही खरीद हो सकी।
जिले में सरकारी क्रय केंद्रो पर 17 मार्च से हुई गेहूं खरीद के शुरुआती दौर में फसल तैयार न होने से मंडी में गेहूं की आवक कम रही, लेकिन 10 अप्रैल के बाद से कटाई बढ़ाने से मंडी में रोजाना औसतन 40 हजार क्विंटल गेहूं की आवक हो रही है। अफसर खरीद बढ़ाने को लेकर योजनाएं बनाने के साथ किसानों को जागरूक करने में जुटे हैं, लेकिन इसके बाद भी सरकारी केंद्रों पर खरीद नहीं बढ़ पा रही है। ऐसे में गेहूं खरीद का लक्ष्य पूरा करना प्रशासन के लिए चुनौती बन गया है। इधर, शुक्रवार को मंडी में गेहूं में नमी की मात्रा 11 प्रतिशत पाए जाने पर 2525 रुपये तक भाव बढ़ गया। जो अभी तक का सबसे अधिक बाजार मूल्य है। ऐसे में शुक्रवार को भी क्रय केंद्रों पर खरीद के नाम पर सिर्फ कोरम पूरा किया गया। संवाद