कई किमी रेतीला सफर तय कर डालेंगे वोट
15 फरवरी को होने वाले चुनाव में नगरियाखुर्द ग्रामपंचायत के गांव ढकिया ताल्लुके महाराजपुर केे मतदाताओं को कई किमी लंबा रेतीला सफर तय कर शारदा नदी के पार आकर वोट डालना होगा। इसकी वजह है क्षेत्र में कोई मतदान केंद्र न होना। शारदा डैम की तलहटी में बसी ग्राम पंचायत नगरियाखुर्द में शारदा नदी के इस पार तो बंगाली समुदाय की बस्ती है। शेष शारदा नदी के उस पार ग्राम पंचायत के मजरा ढकिया ताल्लुके महाराजपुर में थारू जनजाति की बस्ती है। इस गांव तक पहुंचने के लिए पहले नाव व उसके बाद करीब सात किमी लंबा रेतीला सफर तय करना पड़ता है। इस गांव में करीब सौ से अधिक परिवार रहते हैं। ग्राम प्रधान पति परितोष राय बताते हैं कि यहां करीब 70 मतदाता है। जिन्हें नदी के उस पार जाकर वोट डालना पड़ता है। गांव के राधे राना, जागेश राना, फिरूआ राना कहते हैं कि वोट तो इसलिए डालने जाते हैं कि शायद कोई नेता उसके गांव की दुर्दशा पर ध्यान दें और विकास करवा दें। यहां न तो कोई स्कूल है और न ही सड़क। चुनाव के दौरान विकास कराने की बात हर कोई करता है, लेकिन चुनाव बाद सभी इस गांव से मुुंह मोड़ लेते हैं। फिलहाल यहां के मतदाता मतदान की अहमियत समझते हुए बुधवार को होने वाले चुनाव में वोट अवश्य डालेंगे।