बीसलपुर। डीएम ज्ञानेंद्र सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को किसान सहकारी चीनी मिल के अतिथि गृह में प्रबंधन समिति की बैठक हुई। बैठक में मिल के हित से संबंधित कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पास किए गए। बैठक में मरम्मत का कार्य अतिशीघ्र पूरा कराने की बात कही गई। चीनी मिल का नया सत्र समय पर शुरू कराने, दूसरी चीनी मिलों द्वारा संचालित किए जा रहे छह केंद्रों को मिल में शामिल कराए जाने का प्रस्ताव पास किया गया। वहीं, आगामी सत्र में मिल की रिकवरी को बेहतर कराने और आगामी सत्र में मिल के सभी क्रय केंद्रों पर मानक के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध कराने आदि महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास किए गए। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने और संचालन प्रधान डॉ. हरिकृष्ण गुप्ता ने किया। चीनी मिल के मुख्य गन्ना अधिकारी अवधेश कुमार ने आगंतुकों का आभार जताया। जिलाधिकारी ने चीनी मिल के कारखाने में चल रहे मरम्मत कार्य को देखा। इस मौके पर मिल परिसर में पौधारोपण भी हुआ।