कलीनगर (पीलीभीत)। माधोटांडा-पीलीभीत मार्ग पर जमुनिया गांव के निकट पानी का प्रवाह अधिक होने से पुलिया धंस गई। जिससे कुछ ही देर में 100 फुट चौड़ाई में मार्ग कट गया। इससे 20 गांवों के लोगों का जिला मुख्यालय से संपर्क कट गया। वहीं करीब चार गांवों का थाना और तहसील से भी संपर्क टूट गया। ऐसे में लोगों को पीलीभीत तक पहुंचने के लिए पूरनपुर होते हुए 60 से 70 किलोमीटर का सफर तय करना पड़ा।
क्षेत्र के रहने वाले भाकियू नेता का कहना है कि जमुनिया में बारिश के दौरान पानी का दबाव अधिक रहता है। इसके बावजूद तीन किलोमीटर दायरे में मात्र एक पुलिया की व्यवस्था की गई, जिससे मार्ग कट गया।
000
रिसाव होने से एक एकड़ दायरे में धंसी जमीन
माधोटांडा कस्बे में खारजा नहर के निकट गांव निवासी महमूद मियां का करीब तीन एकड़ खेत है। लगातार हो रही बारिश के चलते पानी का दबाव बढ़ने से एक एकड़ दायरे में जमीन धंस गई और उसकी मिट्टी पानी के बहाव में बह गई। इधर, माधोटांडा-पीलीभीत मार्ग पर खारजा तिराहे के बाद एक पुलिया भी धंस गई। इससे मार्ग का कुछ भाग क्षतिग्रस्त हो गया।
000
कम्प्यूटर सेंटर में घुसा पानी
सुखदासपुर निवासी शंकर राठौर ने बताया कि माधोटांडा-पीलीभीत मार्ग पर दयालपुर के निकट कम्प्यूटर सेंटर है। जिसमें करीब पांच कम्प्यूटर व अन्य इलेक्ट्रानिक उपकरण रखे थे। रविवार रात सेंटर में पानी भर गया। जिससे कम्प्यूटर समेत अन्य सामग्री डूब गई।