हरदोई ब्रांच में नौ करोड़ की लागत से सिल्ट सफाई का कार्य डबल ए श्रेणी के ठेकेदार से शुरू कराया गया है। इसकी जानकारी मिलने पर स्थानीय ठेकेदार बृहस्पतिवार को सहायक अभियंता से मिलने पहुंचे। बताते हैं कि अभियंता मौैके पर नहीं मिले। इस पर आक्रोशित ठेकेदारों ने काम न मिलने के विरोध में बाइफरकेशन गेस्टहाउस परिसर में अभियंताओं के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी भेजा गया। ज्ञापन में कहा कि यहां जब मंत्री व सिंचाई विभाग के आला अफसर पहुंचते हैं तो उसके नाश्ते से लेकर खाने तक की व्यवस्था स्थानीय ठेकेदारों से करवाई जाती है। आपात स्थिति में भी उन्हीं से काम लिया जाता है, जिसका भुगतान तीन-तीन साल बाद किया जाता है। राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार हाजी रियाज अहमद ने स्थानीय ठेकेदारों को काम देने की बात कही थी, लेकिन किसी को काम नहीं दिया गया। आरोप है कि मोटी रकम लेकर डबल ए श्रेणी के ठेकेदार से कार्य दे दिया गया। ज्ञापन में ठेकेदारों ने टेंडर प्रक्रिया निरस्त कर स्थानीय ठेकेदारों का काम देने की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में मीनू अली, नकी अहमद, हमसर अली, रफी अहमद, निसार अहमद, वैजत खां, मंजूर अली ठेकेदार शामिल रहे।