रामा इंटर काॅलेज में हुई भाजपा की जनसभा, गिनाईं उपलब्धियां
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। रामा इंटर कॉलेज में हुई जनसभा में भाजपा सांसद व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा ने केंद्र सरकार के नौ साल की उपलब्धियां गिनाईं। कहा कि अंतिम पायदान पर खड़े हर व्यक्ति को सरकार की योजनाओं से जोड़ा जा रहा है।
मुख्य अतिथि ने कहा कि प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व में देशसेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के लिए समर्पित होकर भाजपा सबका साथ, सबका विश्वास और सबका सम्मान करते हुए अपने स्वर्णिम नौ वर्ष मना रही है। भाजपा ने अपनी विभिन्न ऐतिहासिक योजनाओं के माध्यम से पंडित दीनदयाल उपाध्याय से प्रेरणा लेकर समाज के अंतिम पायदान पर खड़े हर व्यक्ति को केंद्र सरकार की योजनाओं से जोड़ा है।
विशिष्ट अतिथि व जिले के प्रभारी मंत्री बलदेव सिंह औलख ने कहा कि आज केंद्र में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में और उनके मार्गदर्शन में और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार लोगों को सरकार की विभिन्न योजनाओं से जोड़ने का भरसक प्रयास कर रही है।
किसानों का सम्मान हो, महिला सशक्तीकरण की बात हो, शिक्षा हो, स्वास्थ्य से संबंधित कोई भी कार्य हो उसको धरातल पर उतारने के लिए भारतीय जनता पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता प्रयासरत है, हमारा प्रयास है कि उसको योजनाओं से जोड़कर गरीब कल्याण को समर्पित करें।
कार्यक्रम में गन्ना राज्यमंत्री संजय गंगवार, भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह, एमएलसी सुधीर गुप्ता, बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद, पूरनपुर विधायक बाबूराम पासवान, बीसलपुर विधायक विवेक वर्मा, जिला प्रभारी कार्यक्रम पूरनलाल लोधी, नगर पालिका परिषद चेयरमैन डॉ आस्था अग्रवाल आदि कई वरिष्ठ भाजपा नेता मौजूद रहे।