बाघ की निगरानी को लगी टीम अब रात को भी क्षेत्र में रहकर बाघ पर नजर रखेगी। सामाजिक वानिकी के डीएफओ आदर्श कुमार ने क्षेत्र का निरीक्षण कर इसके निर्देश टीम सदस्यों को दिए। टीम ने बृहस्पतिवार को भी खेतों में कांबिग की। इस टीम को पग मार्ग तो मिले, लेकिन बाघ नहीं मिला। टाइगर रिजर्व की बराही रेंज से सटे गांव कीरतपुर, अर्जुनपुर, भीमपुर में कई दिनों से बाघ की चहल कदमी से लोग दहशत में हैं। बाघ कई किसानों की पशुशाला में घुसकर पशुओं को अपना शिकार बना चुका है। बाघ की दहशत से किसान खेतों में जाने से कतराने लगे हैं। बाघ की निगरानी को सामाजिक वानिकी के डीएफओ आदर्श कुमार ने डिप्टी रेंजर आरिफ जमाल के नेतृत्व में छह सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। टीम हाथियों पर सवार होकर बाघ की तलाश में कांबिंग कर रही है, ताकि बाघ को जंगल में खदेड़ा जा सके। इसके अलावा क्षेत्र के लोगों को बाघ से सतर्क रहने की हिदायद दी जा रही है। बृहस्पतिवार को डीएफओ आदर्श कुमार ने क्षेत्र में पहुंचकर बाघ की लोकेशन की जानकारी टीम से की। टीम सदस्यों ने अब तक बाघ न मिलने हालांकि उसके पदचिह्न खेतों में मिलने की जानकारी दी। डीएफओ ने टीम को रात में भी क्षेत्र में रहने के निर्देश दिए हैं।
--