पीलीभीत। जिला सड़क सुरक्षा समिति की अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) की अध्यक्षता में गांधी सभागार में हुई। इसमें सुरक्षा को लेकर हो रही कार्रवाई और चिह्नित ब्लैक स्पॉटोें को लेकर चर्चा हुई। साथ ही स्कूलों में संचालित वाहनों के मानकों की जानकारी ली गई।
एआरटीओ वीरेंद्र सिंह ने बैठक में बताया कि नेशनल हाईवे 730 पर स्थित गजरौला के पास विगत दिनों कई दुर्घटनाएं हुईं। इसके बाद निर्माण एजेंसी द्वारा सुधारात्मक कार्रवाई की जा रही है। एनएचएआई ने वहां प्रकाश की व्यवस्था के लिए लाइटें लगवा दीं हैं, लेकिन कनेक्शन अब तक नहीं कराया गया है।
अपर जिलाधिकारी ने कहा विद्युत कनेक्शन कराया जाए और बिल का भुगतान ग्राम सभा से कराया जाए ताकि लाइटेंं जल सकें। सकरिया के पास हरदोई ब्रांच नहर पर बने संकरे पुल पर लगने वाले जाम से होने वाली दुर्घटनाओं पर एआरटीओ ने कार्रवाई की आवश्यकता बताई। इस पर अपर जिलाधिकारी ने निर्माण एजेंसी नेशनल हाईवे के अवर अभियंता को उक्त स्थान पर अपेक्षित कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए। ब्लैक स्पॉट के बाबत बताया गया कि जनपद में कुल 20 ब्लैक स्पॉट चिह्नित थे। अधिकांश पर अपेक्षित सुधारात्मक कार्य पूरा कर लिया गया है। बीसलपुर मार्ग पर चिह्नित आठ ब्लैक स्पॉट्स मार्ग चौड़ीकरण के कारण पूर्ण नहीं हो पाए हैं।