पूरनपुर। ट्रक से उतारते वक्त गर्डर सिर में लगने से गांव मुजफ्फरनगर निवासी मुकेश (35) की मौत हो गई। मुकेश एक लोहा व्यापारी के यहां काम करते थे। परिजनों ने व्यापारी पर मुकेश को जबरन घर से बुलाकर काम कराने का आरोप लगाते हुए सीएचसी में हंगामा किया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई है।
घटना बुधवार को दिन में करीब साढ़े तीन बजे हुई। मुकेश के मोहल्ल्ला कायस्थान निवासी साले नीलेश ने बताया कि मुकेश करीब आठ साल से नगर में पीलीभीत रोड स्थित एक लोहा व्यापारी की दुकान पर नौकरी कर रहे थे। समय से मजदूरी का भुगतान न होने पर बुधवार को वह काम पर नहीं गए। आरोप है कि ट्रक में माल आने पर व्यापारी ने मुकेश को घर से जबरन काम पर बुला लिया।
ट्रक से अन्य मजदूर लोहे के गर्डर उतार रहे थे। मुकेश ट्रक के पास खड़े थे। आरोप है कि लापरवाही से उतारे जाने से एक गर्डर मुकेश के सिर पर आ लगा। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सीएचसी लाने पर डॉक्टर ने मुकेश को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर सीएचसी पहुंचे परिजनों ने व्यापारी पर जबरन काम के लिए बुलाने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई है। मुकेश तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। परिवार में पत्नी किरन, 11 वर्षीय पुत्र आयुष और छह वर्षीय हर्ष है। कोतवाल प्रवीण कुमार ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
मुकेश फाइल फोटो ।