बीसलपुर/ चुर्रासकतपुर। शिकारियों ने सोमवार देर शाम चुर्रासकतपुर और जल्लापुर के बीच एक जंगली सुअर को मार डाला। शिकारी मृत सुअर को उठाकर ले जाते इससे पहले ही ग्रामीण जमा हो गए। खुद को फंसता देख शिकारी भाग गए। ग्रामीणों से सूचना मिलने पर कुछ ही देर में यूपी 112 पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ग्रामीणों से जानकारी करने के बाद शिकारियों को पकड़ने का प्रयास भी किया, लेकिन असफल रही। बाद में जंगली सुअर के शव को गड्ढा खुदवाकर दफन करा दिया गया। इधर, वन विभाग पूरे मामले को दबा गया। रेंजर वजीर हसन ने बताया कि जंगली सुअर की शिकारियों द्वारा हत्या किए जाने की सूचना मिलने पर टीम भेजी थी। मौके पर कोई नहीं मिला। टीम द्वारा की गई जांच पड़ताल में जंगली सुअर मारे जाने की पुष्टि नहीं हुई है। संवाद