ब्लाक रोड पर राजीव नगर के पास ट्रैक्टर से गिरने के 18 वर्षीय युवक की ट्राली के पहिए से कुचलकर मौत हो गई। जिसके बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग निकला। इसकी सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया है। चालक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। कोतवाली क्षेत्र के शेरपुर निवासी सलीम का 18 वर्षीय पुत्र ललुआ मजदूरी करता था। रविवार को देर शाम मुजफ्फर नगर की ओर से आ रही यूकेलिपटिस से लदी ट्रैक्टर ट्राली से घर आ रहा था। वह ट्रैक्टर की साइड सीट पर बैठा हुआ था। ब्लाक रोड पर राजीव नगर के पास पहुंचते ही वह ट्रैकटर से नीचे गिर गया। जिसके बाद ट्राली से कुचलकर उसकी मौत हो गई। यह देख ट्रैक्टर ट्राली छोड़कर चालक मौके से भाग निकला। राहगीरों से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी जुटाई। एसआई घनश्याम सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में ले लिया गया है। मृतक के परिवार वालों से तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। चालक के बारे में जानकारी की जा रही है।