मोबाइल और दिमाग खुला रखें अधिकारी
चुनाव के लिए नियुक्त जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट को पहला प्रशिक्षण दिया गया। डीएम ने कहा अधिकारी निडर और निष्पक्ष होकर मतदान करें। बूथ पर निरीक्षण कर स्थितियों का अवलोकन करें और अपनी रिपोर्ट संबंधित आरओ को दें। कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में शनिवार को हुए प्रशिक्षण में एडीएम अजयकांत सैनी ने जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट को बताया कि उन्हें एक प्रपत्र दिया जा रहा है। सभी अपने क्षेत्र में भ्रमण कर बूथों का निरीक्षण करें और प्रपत्र के अनुसार उसकी रिपोर्ट तैयार करें। जोनल सेक्टर सह प्रभारी देवेंद्र कुमार ने प्रपत्र भरने का तरीका एवं मौके पर आने वाली समस्याओं और उनके निराकरण के बारे में भी जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि सोमवार से अधिकारी अपने क्षेत्रों में भ्रमण शुरू करेंगे। सोमवार को शहर विधानसभा, 17 को बरखेड़ा, 18 को पूरनपुर और 19 को बीसलपुर विधानसभा क्षेत्र में भ्रमण किया जाएगा। इस दौरान बूथ में उपलब्ध सुविधाएं जैसे बिजली, पानी, शौचालय, रैम्प, संपर्क आदि की जानकारी जुटाई जाएगी। साथ ही राशन कार्ड वितरण आदि की जानकारी ली जानी चाहिए। डीएम मासूम अली सरवर ने कहा कि चुनाव कार्य को पूरी गंभीरता से लें। बूथ की व्यवस्थाएं यह सोचकर करें कि उन्हें स्वयं दो दिन रहना है। उन्होंने कहा प्राय: मोबाइल बंद होने की शिकायत मिलती है। अधिकारी अपना मोबाइल और दिमाग दोनों खुला रखें। मजिस्ट्रेट के रूप में उन्हें, जो अधिकार दिए गए हैं उनका महत्व और जिम्मेदारी समझकर काम करें। बैठक में सभी जोनल सेक्टर मजिस्ट्रेट, सिटी मजिस्ट्रेट राजितराम प्रजापति व सभी एसडीएम मौजूद रहे।