पांच दिन से पानी को तरस रहे काशीराम कॉलोनी वाले
पिछले पांच दिनों से ईदगाह काशीराम आवास कॉलोनी वाले पानी को तरस रहे हैं। वहां तैनात आपरेटर ई-रिक्शा चलाने चला जाता है। कॉलोनी में लगे नल खराब पड़े हैं, जो नल ठीक हैं उन पर सुबह-शाम लंबी लाइन लगती है। इससे गुस्साए लोगों ने शुक्रवार को जोरदार प्रदर्शन किया। शुक्रवार शाम ईदगाह काशीराम कॉलोनी के दर्जनों महिला-पुरुष एक जगह जमा हुए। उनका कहना था कि कॉलोनी में बिजली और सफाई व्यवस्था ध्वस्त है। पांच दिनों से पीने के पानी की खासी दिक्कत हो रही है। आरोप लगाया कि कॉलोनी में पानी सप्लाई को रखा गया आपरेटर सुबह को ई-रिक्शा चलाने चला जाता है। देर रात लौटने पर उससे पानी सप्लाई को कहा जाए तो झगड़ा करने लगता है। उसके परिवार की महिलाएं झगड़ा करती हैं। पानी सप्लाई कराने के लिए ऑपरेटर पर रुपये मांगने का भी आरोप लगाया। कॉलोनी के लोगों ने ऑपरेटर पर कार्रवाई करने और खराब पड़े नल ठीक करने की मांग को लेकर जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान जमकर नारेबाजी के बीच प्रशासनिक अफसरों पर सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि व्यवस्था सुधार को लेकर कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है। प्रदर्शन करने वालों में ऊषा मसीह, कुबरा बेगम, नन्हीं देवी, मोहम्मद राशिद, फरहीन, आलम, रमेश चंद्र अकेला, वीना शुक्ला, धनदेवी, इंदू देवी, मैनाज, शहनाज, आकाश वर्मा, प्रताप सिंह, इकबाल आदि रहे।