पीलीभीत। सावन माह का दूसरा सोमवार आज है। ऐसे में शहर के अलावा अन्य इलाकों से गए शिवभक्त गंगाजल लेने हरिद्वार और अन्य स्थानों के लिए रवाना हुए। काफी संख्या में शिवभक्तोें के वापस आने का सिलसिला भी देर शाम शुरू हो गया। इस दौरान पुलिस बल भी मंदिरों से लेकर कांवड़ रूटों पर तैनात रहा।
शहर के मुख्य गौरीशंकर मंदिर और दुधिया मंदिर पर शिवभक्तों की सर्वाधिक भीड़ रहती है। इसको लेकर पहले सोमवार से ही व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया गया था। भीड़ के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था का भी पूरा ध्यान रखा गया। कांवड़ के चिह्नित मार्गों पर पुलिस बल तैनात किया गया। बैरियर भी लगाए गए।
बिलसंडा में कांवड़ियों का जत्था करेगा जलाभिषेक
बिलसंडा। नगर से कांवर्थी मंडल का जत्था बाइकों से हरिद्वार के लिए रवाना हुआ था। भोले के भक्त चार दिनों में करीब छह सौ किलोमीटर की यात्रा पूरी कर सोमवार को नगर क्षेत्र के प्रसिद्ध देवस्थल मढ़ानाथ मंदिर पहुंचकर पवित्र गंगाजल से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे। यात्रा का शुभारंभ महंत सर्वेश गुप्ता दद्दू और नवनीत गुप्ता की अगुआई में हुआ था। 24 से अधिक बाइकसवार श्रद्धालु ठाकुरद्वारा मंदिर पर आरती करने के बाद श्रीनिवास कुंज आश्रम पर माथा टेककर रवाना हुए थे। जत्थे में दीपक गुप्ता, राजू, विनीत गुप्ता, अमित गुप्ता, जगमोहन, लल्ला जायसवाल, ओम जायसवाल आदि शामिल हैं। संवाद
कछला घाट पर गंगाजल लेने रवाना हुए भोले के भक्त
बरखेड़ा। नगर में रविवार दोपहर एक बजे तीन मंदिरों से कांवड़िए गंगा नदी के कछला घाट पर गंगाजल भरने के लिए रवाना हुई। एक जत्था ब्लॉक तिराहे से, दूसरा जत्था जनता इंटर कालेज के शिव मंदिर व तीसरा जत्था सिद्ध बाबा मड़ी पर स्थित शिव मंदिर से पूजा-अर्चना के बाद रवाना हुआ। इस दौरान हर-हर महादेव, जय भोले, बम भोले के जयघोष से समूचा इलाका गूंज उठा। जत्थों में प्रवेश जोशी, कमलेश मौर्य, उत्तम अग्रवाल,मनोज सक्सेना, प्रदीप भोजवाल आदि शामिल रहे। संवाद
अमरिया से भी 65 श्रद्धालुओं का जत्था कछला रवाना
अमरिया। गांव माधौपुर से कछला घाट पर गंगाजल लेने के लिए 65 शिवभक्तों का एक जत्था मिंटू गंगवार, विनय गंगवार के नेतृत्व में रवाना हुआ। इससे पहले सुबह शिवभक्त गांव के शिव मंदिर पर पहुंचे। यहां आरती की। इस दौरान गांव की सैकड़ों महिलाएं भी मौजूद रहीं। डीजे के साथ गांव की गलियों से होता हुआ शिव भक्तों का जत्था माधौपुर चौराहे पर पहुंचा। यहां से शिवभक्त वाहनों से डाक कांवड़ लेने के लिए कछला रवाना हो गए। जत्थे में मुकेश, अंकित, टीटू, नत्थू लाल, महिपाल, सुरेश, हर्षित, पियूष, रूपेश, राजू, अनिकेत, राजीव, राम प्रसाद, अनिल, शिवम, कौशल, मोहित, संजू, धर्मेंद्र, छोटे लाल, बिट्टू, प्रमोद, बंटी, शिशुपाल आदि शामिल रहे। संवाद
बरखेड़ा में कांवड़ यात्रा को रवाना करते चेयरमैन।संवाद
बरखेड़ा में कांवड़ यात्रा को रवाना करते चेयरमैन।संवाद